☰
Bihar

निशांत कुमार कब बनेंगे डिप्टी सीएम? अशोक चौधरी ने दिया जवाब, एक दिन पहले संजय झा ने कही थी बड़ी बात

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के उप मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई है. हालांकि अभी इस मामले में आधिकारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है. इस बीच मंगलवार को सुशासन दिवस के अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ऐलान किया की पार्टी की कमान बहुत जल्द ही निशांत कुमार संभालने वाले हैं. इस बीच अब बुधवार को नीतीश कुमार के करीबी तथा बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने भी बड़ा बयान दिया है.

सासाराम में पायलट बाबा धाम स्थित सभागार में जदयू की तरफ से आयोजित सुशासन दिवस नीतीश संवाद में पहुंचे अशोक चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए बड़ा बयान दिया. इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियां बताई. उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बदहाली, अपराध और अव्यवस्था के लिए पहचाने जाने वाले बिहार में नीतीश कुमार ने कानून का राज स्थापित किया और विकास की नई इबारत लिखी. 

अशोक चौधरी ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत तथा सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की गयी. जीविका के माध्यम से 13 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से करीब 1.88 करोड़ महिलाएं जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए अशोक चौधरी ने निशांत के उप मुख्यमंत्री बनने को लेकर कहा कि वह जब चाहेंगे डिप्टी सीएम बन जाएंगे. इस पर चर्चा करने की कोई जरूरत नहीं है. मंत्री अशोक चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत के क्रियाकलाप की भी चर्चा की और कहा कि वह यह साबित कर चुके हैं, उनकी समझ दूरदर्शी है.

TagsBihar