☰
Bihar

छठ खत्म होते ही रेलवे स्टेशन पर बढ़ने लगी है लोगों की भीड़, रेलवे ने की है खास तैयारी

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: लोक आस्था का महापर्व छठ के समाप्त होते ही अब दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों की वापसी शुरू हो गई है. इसे लेकर पटना रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है. स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देख कर पूर्व मध्य रेलवे के जीएम खुद प्रबंधन का जिम्मा देख रहे हैं. जीएम डिम्पी गर्ग ने पांचों रेल मंडलों का दौरा कर यात्रियों के सुविधाओं का जायजा लिया और अब अधिकारियों से समन्वय कर बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया है.

रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को लेकर प्लेटफॉर्म पर बिना यात्रा टिकट के प्रवेश नहीं दिए जाने का निर्णय लिया गया है. जीएम डिंपी गर्ग ने दानापुर, राजेंद्रनगर, समस्तीपुर, सहरसा और जयनगर समेत कई प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए की गयी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कार्यालयों में बैठने के बजाय स्टेशन पर मौजूद रहकर भीड़ प्रबंधन की निगरानी करें. इधर, दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार और सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने भी पटना जंक्शन का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया. डीआरएम विनोद कुमार ने बताया कि पटना जंक्शन पर फिलहाल प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री रोक दी गयी है. यात्रियों की भीड़ कम होने के बाद ही इसकी बिक्री दोबारा शुरू की जायेगी. इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को ट्रेन आने के करीब 20 मिनट पहले ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को रोकना और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है.

TagsBihar