पटना: मोकामा के विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी के ऊपर जदयू की कार्रवाई के बाद उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ रही है. सोमवार को सबसे पहले अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी की 20 सूत्री सदस्यता रद्द की गई जिसके बाद उनकी राज्य मंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया. अब उन्हें भवन निर्माण विभाग की तरफ से आवास खाली करने का भी नोटिस जारी किया गया है. भवन निर्माण विभाग ने नीलम देवी को 25 नवम्बर तक आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है.
भवन निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव के द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के द्वारा उनकी राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री समिति) सदस्य की सदस्यता रद्द कर दी गई है जिसके बाद उनका राज्य मंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया है. भवन निर्माण विभाग ने बताया कि राज्य मंत्री के रूप में उन्हें 19 मई को 1, मॉल रोड आवास आवंटित किया गया था जिसका आवंटन अब रद्द किया जा रहा है.
बता दें कि विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध चुनाव प्रचार के आरोप में जदयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से 6 वर्षों के लिए बाहर कर दिया है. इसके साथ ही जदयू ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधायकी खत्म करने की भी अनुशंसा की है और सोमवार को उनकी पत्नी नीलम देवी की 20 सूत्री समिति की सदस्यता भी रद्द कर दी गई. अब नीलम देवी को आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है.