पटना: जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केस दर्ज होने से कोई फर्क नहीं पड़ता, वह बेल करा लेंगे. उन्होंने कहा कि डीएसपी ने उनका नाम मामले में डाल दिया है. वहीं, जेडीयू नेता नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने को लेकर भी अनंत सिंह ने तंज कसा.
अनंत सिंह ने एफआईआर को लेकर कहा, “केस किया है तो क्या हुआ? बेल कराएंगे, कोई दिक्कत नहीं है. डीएसपी साहब ने नाम दे दिया. नाम कम था, इसलिए मेरा नाम भी दे दिया.” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने पर कसा तंज
जेडीयू नेता नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने पर अनंत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि यह उनकी पुरानी आदत है. उन्होंने कहा, “भूत पर पैसा भेजना होगा तो बीमार हो जाएंगे, अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे और फिर दो घंटे बाद ठीक होकर आ जाएंगे.” हालांकि, यह अनंत सिंह का निजी आरोप और तंज है.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नीरज कुमार से अस्पताल में मुलाकात करने जाने को लेकर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के नेता हैं, इसलिए नीतीश कुमार उनसे मिलने गए.
नीरज कुमार पर लगाए आरोप
अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार उन्हें हमेशा गाली देते रहे हैं. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार का कहना है कि अनंत सिंह उन्हें गाली नहीं देंगे, तो वह छोटे नेता रह जाएंगे.
जनता को बताया मालिक
दशहरा के मौके पर युवाओं को संदेश देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि युवा पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान दें और अपने माता-पिता को परेशान न करें. उन्होंने भगवान से सभी के लिए प्रार्थना करने की बात कही. अपनी राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने कहा कि जनता मालिक है और उन्हें उम्मीद है कि जनता उन्हें वोट देगी.अनंत सिंह के इन बयानों से बिहार की सियासत में बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं.
