☰
Bihar

पार्टी से निष्कासन के बाद भी विचलित नहीं हुए छोटे सरकार, आवास पर जश्न की तैयारी के बीच कह दी बड़ी बात

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना (PATNA): बिहार विधान की 8 सीटों पर मतदान के अगले ही दिन जदयू ने पार्टी के विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बाहर कर दिया. हालांकि अपने ऊपर कार्रवाई को अनंत सिंह ने पार्टी का ही नुकसान बताया है. उनका कहना है कि इससे मुझे कोई फर्क नहीं लड़ेगा लेकिन पार्टी को आने वाले चुनाव में औकात पता चल जाएगा. अनंत सिंह पर कार्रवाई के साथ ही पार्टी ने बाढ़ संगठनात्मक जिला की इकाई को भी भंग कर दिया और जिलाध्यक्ष मयंक राज को पद से हटा दिया है. इस कार्रवाई को अनंत सिंह के ऊपर की गई कार्रवाई से जोड़ कर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि अब पार्टी यहां नए सिरे से कमिटी बनाएगी. बताया यह भी जाता है कि मयंक राज केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का करीबी है.

हमको फर्क नहीं पड़ता, पार्टी को पता चलेगा औकात

इधर अपने ऊपर कार्रवाई के बाद बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी है, जिसे चाहे रखें, जिसे चाहे निकाल दें, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है. उन्होंने अपने ऊपर की गई कार्रवाई का बुरा असर पार्टी पर ही पड़ने की बात कही और कहा कि अगले चुनाव में जदयू महज 12 सीटों पर सिमट जाएगी. इस दौरान अनंत सिंह ने नीतीश कुमार और निशांत कुमार पर भी अपनी बात रखी. इन दोनों के लिए वह नरम दिखे और पहले की तरह ही निष्ठा जाहिर की. उन्होंने कहा कि वे पहले भी नीतीश कुमार के साथ थे और आगे भी रहेंगे. वो कहीं भी रहे नीतीश कुमार का सम्मान करते रहेंगे. नीतीश कुमार होते तो कौन आज पार्टी से निकाल देता. वो तो बेचारे कुछ नहीं हैं. केकड़ा-बिच्छु सब पार्टी का मालिक बन गया है.

जश्न की तैयारी और देर रात की गई आतिशबाजी

बता दें कि बिहार विधान परिषद चुनाव की घोषणा के साथ ही अनंत सिंह ने ऐलान कर दिया था कि वह पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के साथ नहीं, बल्कि जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के साथ खड़े होंगे. उन्होंने आरोप लगाया था कि नीरज कुमार ने उनका लंबे समय से विरोध किया है और विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें हराने की कोशिश की थी इसलिए अब उनकी बारी है और वह समर्थन नहीं करेंगे. अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी के लिए लगातार चुनाव प्रचार और रोड शो भी किया था और नतीजा रहा कि मतदान के अगले दिन ही उनके ऊपर पार्टी ने कार्रवाई कर दी. बता दें कि अनंत सिंह के घर पर जश्न की तैयारी चल रही थी और इसी बीच जदयू ने कार्रवाई की. पार्टी से बाहर किए जाने के बाद भी अनंत सिंह विचलित नहीं हुए और देर रात उनके आवास पर आतिशबाजी की गई.

TagsBihar