☰
Bihar

Anant Singh News: अनंत सिंह पर JDU की बड़ी कार्रवाई, 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना(PATNA): बिहार की राजनीति से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है. जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने मोकामा से विधायक अनंत कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें अगले छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि अनंत सिंह पिछले कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे. इसके साथ ही शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने तथा हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ काम करने और दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने का आरोप भी लगाया गया है.

पार्टी ने इन गतिविधियों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए अनंत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित करने का फैसला लिया है. इसके अलावा, जदयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी की है. वहीं, इसी आदेश में पूर्व विधान परिषद सदस्य नीलम देवी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. पार्टी ने दलविरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुए उन्हें भी छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

TagsBihar