Bihar

बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए HUDCO से 1 लाख करोड़ रुपये का समझौता

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार सरकार ने राज्य में आधुनिक शहर बसाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने HUDCO के साथ 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण का समझौता किया है. सरकार का कहना है कि इस परियोजना से बेहतर आवास, आधुनिक सुविधाएं और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे.मुख्यमंत्री के समक्ष नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और  HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया.

इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा. राज्य में लगभग 3 लाख एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जिनमें आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक और सामाजिक आधारभूत संरचना जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

उन्होंने बताया कि परियोजना में किसानों को लैंड पूलिंग के माध्यम से भागीदार बनाया जाएगा तथा मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि HUDCO के माध्यम से बिहार सरकार 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जबकि लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश निजी एवं अन्य स्रोतों से आकर्षित करने का लक्ष्य है.

राज्य में बड़े पैमाने पर निजी निवेश बढ़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से राज्य में बड़े पैमाने पर निजी निवेश बढ़ेगा, निर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस पहल से राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने में मदद मिलेगी. साथ ही राज्य 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ेगा.

कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा HUDCO के अधिकारी उपस्थित रहे.

 

TagsBihar