पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचे. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत की. इस दौरान प्रशांत किशोर ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया.
क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली
जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत प्रशांत किशोर सबसे पहले पटना बाईपास के 10 रक्षा इलाके में पहुंचे. यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली. इसके बाद वह इलाके के एक स्कूल में पहुंचे जहां उन्होंने छात्राओं से बातचीत की. छात्राओं ने स्कूल में मौजूद विभिन्न समस्याओं के बारे में नवनिर्वाचित विधायक को बताया.
विधायक पद की शपथ ले लेने दीजिए
प्रशांत किशोर ने छात्राओं की बात सुनने के बाद कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भी वह इस इलाके में आए थे. उस समय स्थानीय लोगों और छात्राओं ने उन्हें यहां की समस्याओं की जानकारी दी थी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की दूसरी समस्याओं के साथ स्कूल से जुड़ी परेशानियों को दूर करने का भी प्रयास किया जाएगा. प्रशांत किशोर ने कहा कि अभी उन्हें विधायक पद की शपथ ले लेने दीजिए उसके बाद वह लोगों की समस्याओं को दूर करने की दिशा में प्रयास शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से जो बातें कही गई थीं उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रशांत किशोर का जनता दर्शन कार्यक्रम आज से शुरू हुआ है और यह 19 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान वह लगातार क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे. अलग-अलग वार्डों में जाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान की कोशिश करेंगे.
