पटना: बिहार की राजधानी पटना में चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार युवक पर चोरी करने का शक जताया गया था. इसी संदेह के आधार पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी.पिटाई के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी मौत के बाद मामला तूल पकड़ने लगा.मृतक की पहचान बाढ़ थाना क्षेत्र के बनारसी घाट निवासी सत्यनारायण मिस्त्री के पुत्र अजय मिस्त्री के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक राघोपुर निवासी जितेंद्र कुमार के घर में चोर घुस गया था. जिसके बाद जितेंद्र कुमार ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और युवक की पकड़कर पिटाई कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों में आरोपियों के खिलाफ आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
अजय के पिता ने सात नामजद और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. उनका आरोप है कि अजय को घर से बुलाकर ले गया और साजिश के तहत उसकी पीटकर हत्या कर दी गई. वहीं पुलिस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
