☰
Bihar

पटना में तेज रफ्तार थार ने पुलिस की गाड़ी में मारी टक्कर, बाल-बाल बचे सवार पुलिसकर्मी

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: इन दिनों रफ्तार के कहर का मामला काफी अधिक सामने आ रहा है. इस वजह से एक तरफ लोगों की जानें जा रही है तो दूसरी तरफ दर्जनों लोग प्रतिदिन जख्मी हो रहे हैं. मंगलवार की देर शाम पटना के मोकामा बख्तियारपुर फोरलेन एक बड़ा हादसा हुआ, हाईवे पर तेज रफ्तार थार वाहन ने पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग गाड़ी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. घटना में कार में सवार पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए. घटना पंडारक थाना क्षेत्र के सरहन गांव के पास बिहारीबीघा टोल टैक्स के नजदीक की है. टक्कर के कारण पुलिस पेट्रोल कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, कार में सवार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार के नेतृत्व में हाईवे पेट्रोल कार-112 की टीम मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर जांच-पड़ताल कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की गाड़ी बिहारीबीघा टोल टैक्स के पास सरहन गांव के सामने सड़क किनारे खड़ी थी. तभी बिहारीबीघा गांव की ओर से आ रही थार ने पीछे से पुलिस वाहन में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेट्रोल कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के समय वाहन में सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद थे. सभी बाल-बाल बच गए, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थार वाहन को जब्त कर लिया.

पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि इस संबंध में थाने में लिखित प्रतिवेदन दिया गया है. पुलिस ने हाईवे पेट्रोल कार में टक्कर मारने वाले थार वाहन को जब्त कर लिया है. चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है. साथ ही थार के मालिक का भी पता लगाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.