पटना: रविवार की देर रात राजधानी पटना में एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें एक की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए. घटना राजधानी पटना के अटल पथ की है जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और कई लोगों को रौंदते हुए पलट गई. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने से पहले हवा में उड़ गई फिर पलटी. घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. आनन फानन में लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
घटना को लेकर लोगों ने बताया कि देर रात लोग मेला देख कर लौट रहे थे इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को रौंद दिया. घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया वहीं पूरे मामले की छानबीन में जुट गई. बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी पर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा लगा हुआ है. हालांकि दुर्घटना के कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही लग सकेगी.