☰
Bihar

पटना: पानी से भरी नहर में पलटी तेज रफ्तार कार, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बचाई 6 लोगों की जान, वीडियो वायरल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): जरा सोचिए, आप सड़क पर सफर कर रहे हों और अचानक आपकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाए. देखते ही देखते कार सड़क से फिसलकर पानी से भरी नहर में जा गिरे और अंदर बैठे लोगों की जान पर बन आए. ऐसी ही एक घटना पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल में सामने आई, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई. हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया.

घटना पालीगंज थाना क्षेत्र के महबलीपुर ओपी अंतर्गत अंकुरी गांव के पास की है. जानकारी के अनुसार, कार अरवल से पटना की ओर जा रही थी. अंकुरी महादेव स्थान के सामने नहर मार्ग पर अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद कार सीधे पानी से भरी नहर में जा गिरी. हादसे के बाद कार में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि वाहन में करीब आधा दर्जन लोग सवार थे.

ग्रामीणों ने सभी को निकाला बाहर

कार के नहर में गिरने की आवाज सुनकर और लोगों की चीख-पुकार देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. बिना देर किए कई लोग नहर में उतरे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए. ग्रामीणों की मदद से सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद महबलीपुर ओपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया. महबलीपुर ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से अंकुरी गांव के नहर मार्ग पर कार गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया. सभी लोग सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक ने स्टेयरिंग फेल होने की बात बताई है. हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा. ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.

TagsBihar