पटना (PATNA) : राज्य में शिक्षा को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर से 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' का शुभारंभ किया. इसके साथ ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग के तहत NEET और JEE की निःशुल्क तैयारी कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई. पहले चरण में राजधानी के 10 चयनित मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को लाइव क्लास व्यवस्था से जोड़ा गया.
मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी हाई स्कूलों में बिहार स्कूल लाइव क्लासेज शुरू करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट लाइव क्लासरूम के लोगो का अनावरण किया गया और विद्यालय में स्थापित दो अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम तथा इंटरएक्टिव पैनल आधारित आधुनिक शिक्षण प्रणाली का भी लोकार्पण किया गया. इससे पढ़ाई अधिक प्रभावी, संवादात्मक और छात्र-केंद्रित बनेगी.
जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया
मुख्यमंत्री ने विद्यालय की बायोलॉजी, फिजिक्स, आईसीटी और आईएसएम लैब, स्पोर्ट्स रूम तथा म्यूजिक रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. हॉकी में शानदार प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित कर हॉकी किट वितरित की गई.
विद्यार्थियों को निःशुल्क मिलेगा लाभ
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने 7 स्वयंसेवी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. इन साझेदारियों के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), STEM शिक्षा, कोडिंग, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, डिज़ाइन थिंकिंग, शिक्षक प्रशिक्षण, AI आधारित मूल्यांकन और डेटा आधारित शैक्षणिक प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को मजबूत किया जाएगा. इन योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को निःशुल्क मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर विद्यार्थी तक तकनीक-संचालित, गुणवत्तापूर्ण और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप शिक्षा की समान पहुंच सुनिश्चित करना है. उन्होंने विश्वास जताया कि स्मार्ट क्लास, लाइव लर्निंग और डिजिटल शिक्षा की यह पहल बिहार के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगी.
