पटना (PATNA): बिहार में आए दिन एक के बाद एक ऐसी ऐसी घटना सामने आ रही है जिससे बिहार सरकार पर सवाल खड़े करता है. महिला सुरक्षा पर आए दिन घटना सामने आ रही है. जमुई, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगुसराई जैसे कई जिलों में हर दिन ऐसी घटना हो रही लेकिन सरकार एक घटना का समाधान निकालती तो दूसरा फिर खड़ा हो जाता है. दरअसल, पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र से कोचिंग से घर लौट रही 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा और उसकी सहेलियों के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना बरखत खां के अखाड़ा के पास की बताई जा रही है. आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद चार अज्ञात युवकों ने छात्राओं पर भद्दे कमेंट और फब्तियां कसनी शुरू कर दीं. छात्राओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित छात्रा के परिजनों ने खाजेकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी BNS और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सक्रिय है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. मामले की जांच के साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल चारों युवक कौन हैं और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं.
