पटना(PATNA):बिहार सरकार राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है.24 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र, खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और खेल सम्मान राशि प्रदान करेंगे.समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहेंगे.कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाश दीप होंगे, जिन्हें बिहार पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद का नियुक्ति-पत्र सौंपा जाएगा.
एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को एसआई के पद पर नियुक्त किया जाएगा
वहीं, एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को एसआई के पद पर नियुक्त किया जाएगा. इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों समेत विभिन्न खेल विधाओं के कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिलेगी.बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि राज्य सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सीधी नियुक्ति देकर उनकी प्रतिभा को सम्मानित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 180 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है.
खिलाड़ियों को खेल सम्मान योजना के तहत सम्मान राशि भी प्रदान की जाएगी
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल सम्मान योजना के तहत सम्मान राशि भी प्रदान की जाएगी.एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये, उसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये तथा कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली महरयम फातिमा को 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी.
खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति चयन-पत्र
इसके साथ ही बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति चयन-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे.इनमें उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 और प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल है. प्रेरणा योजना के 432 चयनित खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ के माध्यम से हुआ है.
