पटना (BIHAR) : राजधानी में आज चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर से जुड़े मामले में अहम दिन है. जिला एवं सत्र न्यायालय आज उनकी जमानत याचिका पर अपना फैसला सुनाएगा. कोर्ट की कार्यवाही सुबह शुरू होने के बाद किसी भी समय फैसला आ सकता है. इस मामले पर पिछले करीब एक महीने से लगातार सुनवाई चल रही थी और अब सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं.
अदालत एक साथ अपना अंतिम निर्णय सुनाएगी
जानकारी के अनुसार, खान सर के साथ उनके दो बॉडीगार्ड भी इस मामले में शामिल हैं. अदालत आज तीनों की जमानत याचिकाओं पर एक साथ अपना अंतिम निर्णय सुनाएगी. पिछली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपेश देव ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. उसी सुरक्षित फैसले को आज सुनाया जाएगा.
फैसले को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है
यदि अदालत खान सर और उनके सहयोगियों की जमानत याचिका स्वीकार कर लेती है तो उन्हें बड़ी राहत मिलेगी और गिरफ्तारी का खतरा फिलहाल टल जाएगा. वहीं, अगर जमानत याचिका खारिज होती है तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है. इसी वजह से इस फैसले को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस मामले की सुनवाई पिछले एक महीने से चल रही थी. अदालत में दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क और दस्तावेज पेश किए. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था, जिसके बाद से सभी को अंतिम आदेश का इंतजार था.
आदेश आने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी
आज जैसे ही कोर्ट की कार्यवाही शुरू होगी, उसके बाद किसी भी समय फैसला सुनाया जा सकता है. इस फैसले का असर केवल खान सर ही नहीं, बल्कि उनके साथ जुड़े अन्य आरोपियों पर भी पड़ेगा. अदालत का आदेश आने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी.
सभी की नजरें पटना की जिला अदालत पर हैं
फिलहाल सभी की नजरें पटना की जिला अदालत पर हैं, जहां आज इस चर्चित मामले में अंतिम फैसला आने की उम्मीद है. अदालत का जो भी आदेश होगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
