टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार सरकार की ओर से छात्रों के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जाती हैं, ताकि स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा पूरी करने में उन्हें किसी भी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े. हालांकि, कई बार ऐसा होता है कि 12वीं की पढ़ाई करने के बाद छात्र मेडिकल, इंजीनियरिंग या किसी बड़े कॉलेज में जाकर पढ़ना चाहते हैं, लेकिन परिवार में पैसों की कमी की वजह से उनकी पढ़ाई रुक जाती है और वे अपने सपनों को वहीं छोड़ देते हैं. लेकिन अगर आप बिहार के निवासी हैं, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आपकी उच्च शिक्षा में पैसे बीच में नहीं आएंगे. अगर आप इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक, आईटीआई में पढ़ाई करना चाहते हैं या फिर सामान्य ग्रेजुएशन करना चाहते हैं, तो सरकार आपको स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बहुत ही सस्ता लोन देती है.
सरकार दे रही है इतने लाख तक का लोन
आपको बता दें कि बिहार सरकार की ओर से 12वीं पास छात्रों को आगे की पढ़ाई करने के लिए बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बहुत ही सस्ता ऋण दिया जाता है. इससे बच्चों को आर्थिक मदद मिलती है, जिसकी सहायता से वे अपनी आगे की पढ़ाई आसानी से पूरी कर पाते हैं. वहीं, अगर इस लोन को लौटाने की बात आती है, तो इसे लेकर भी सरकार की ओर से काफी आसान प्रक्रिया रखी गई है. इसे वापस करने के लिए कोई जल्दबाजी नहीं की जाती है. जब छात्र पढ़ाई पूरी कर नौकरी पा लेता है, उसके बाद उसे यह राशि लौटानी पड़ती है, वह भी बहुत ही कम ब्याज दर पर.
काफी सस्ते ब्याज पर उपलब्ध कराया जाता है लोन
आपको बता दें कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के पात्र छात्रों को सरकार की ओर से उच्च शिक्षा के लिए 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है. यह राशि कॉलेज की फीस, हॉस्टल फीस, किताबें, लैपटॉप और पढ़ाई-लिखाई से जुड़े अन्य शैक्षणिक खर्चों के लिए दी जाती है. सरकार का इस योजना के पीछे एक ही उद्देश्य है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई आर्थिक कमी की वजह से न रुके. यानी अगर परिवार अपने बच्चों को बाहर रखकर पढ़ाने में सक्षम नहीं है, तो सरकार उनकी मदद करती है. अब चलिए आपको बता देते हैं कि इसका लाभ कैसे उठाया जा सकता है और कौन इसका लाभ उठा सकता है.
कौन ले सकता है योजना का लाभ
आपको बता दें कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ केवल उन छात्रों को मिलता है, जो स्थायी रूप से बिहार के निवासी हैं. इसमें छात्र और छात्राओं को समान रूप से लाभ दिया जाता है. इसके लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है, जिनमें सबसे जरूरी अभ्यर्थी का 10वीं, 12वीं या ग्रेजुएशन का प्रमाण पत्र है. वहीं, प्रवेश ऐसे कॉलेज में होना चाहिए, जो मान्यता प्राप्त हो. यदि छात्र सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं, तो वे इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. आपको बता दें कि इस योजना में सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए ब्याज दर काफी कम रखी गई है, जबकि छात्राओं, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों को और भी रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है, ताकि परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े और अधिक ब्याज पर कहीं दूसरी जगह से लोन लेने की जरूरत न पड़े.
बिहार के छात्र जल्दी करें आवेदन
यदि आप भी बिहार के छात्र हैं और अपनी उच्च शिक्षा के लिए ऋण चाहते हैं, तो आपको बाहर से लोन लेने की आवश्यकता नहीं है. आप बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ ले सकते हैं. इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है. आप ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं. सबसे पहले आपको योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा, जहां अपना रजिस्ट्रेशन करना है. इसके बाद लॉग इन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जरूरी जानकारी सही-सही भरनी है. फिर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन सबमिट कर देना है. आवेदन की जांच पूरी होने के बाद यदि आप पात्र पाए जाते हैं, तो आगे की प्रक्रिया पूरी होने पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करा दिया जाता है.
अर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए उम्मीद की किरण है यह योजना
आपको बता दें कि बिहार सरकार की यह योजना उन बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है और एक उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है, जो 10वीं या 12वीं के बाद उच्च शिक्षा लेना चाहते हैं, लेकिन परिवार की आर्थिक कमजोरी और पैसों की कमी की वजह से अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते हैं. अब ऐसे बच्चों को भी बेहतर कॉलेजों और प्रोफेशनल कोर्स में पढ़ाई का अवसर मिलता है. बिहार सरकार की यह योजना शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने का काम कर रही है. तो देर किस बात की, जल्दी ऑनलाइन आवेदन करें और इस योजना का लाभ उठाएं.
