☰
Bihar

पटना में गृह प्रवेश के भोज में था परिवार, घर का ताला तोड़ 40 लाख की चोरी, 5 लाख नकद भी ले गए चोर

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: राजधानी पटना समेत इन दिनों पूरे बिहार में चोरों का तांडव लगातार जारी है. राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में बीती रात चोरों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के घर में करीब 40 लाख रुपए मूल्य की सम्पत्ति समेत पांच लाख रुपए नकद की चोरी कर ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरा परिवार स्तब्ध है, वहीं पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद छानबीन में जुट गई है. घटना मनेर थाना क्षेत्र के टाटा कॉलोनी स्थित माधोपुर की है. पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी की पहचान धर्मेंद्र सोनी के रूप में की गई.

पीड़ित परिवार के अनुसार, बीती रात वह अपने घर में ताला बंद कर मनेर के गांधी हाट के समीप अपने नवनिर्मित घर के गृह प्रवेश के भोज में शामिल होने गए थे. इसी दौरान चोरों ने घर में घुस कर करीब 40 लाख रूपये मूल्य के सोने चांदी के जेवर और पक्का सोना समेत 5 लाख रुपए नकद की चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार देर रात 11 बजे जब अपने घर लौटा तो पीछे के दरवाज़े समेत अंदर दो कमरों का ताला टूटा मिला. चोरों ने कमरे में रखे अलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखे जेवरात और नकद की चोरी कर ली.

घटना की जानकारी मिलने के बाद मनेर थाना की पुलिस बल मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी. थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि मौके पर जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस फिलहाल चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है.