पटना (PATNA): बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है, लेकिन यहां से जो तस्वीर सामने आती है, वह हैरान कर देने वाली होती है. दरअसल, बिहार में शराबबंदी के बीच पटना से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर शराब से लदी एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद कार में रखी अंग्रेजी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं. इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों में शराब की बोतलें लूटने की होड़ मच गई. राहगीर, ट्रक और कार चालक ही नहीं, बल्कि ई-रिक्शा से जा रहे लोग भी शराब की बोतलें उठाते नजर आए. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सड़क पर बोतलें लूटते दिखे लोग
तस्वीरें पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर की हैं. शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना जोरदार था कि कार के अंदर रखी अंग्रेजी शराब की बोतलें बाहर निकलकर सड़क पर बिखर गईं.बस फिर क्या था... सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर जैसे ही शराब की बोतलों पर पड़ी, मौके पर भीड़ जुटने लगी. कई लोग अपनी गाड़ियां रोककर सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें उठाने लगे. कोई बोतल लेकर भागता नजर आया तो कोई कार के पास पहुंचकर शराब की खेप को समेटता दिखाई दिया.वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर शराब की बोतलें बिखरी हुई हैं और लोग उन्हें उठाने के लिए आपाधापी कर रहे हैं. इस दौरान ट्रक और कार चालकों के साथ राहगीर भी शराब की बोतलें ले जाते दिखाई दिए.
वायरल VIDEO ने खोली पोल
सबसे हैरान करने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक ई-रिक्शा के आसपास भी लोग शराब की बोतलें उठाते नजर आए. शराबबंदी वाले बिहार में सामने आया यह वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार का हादसे के बाद शराब तस्कर मौके से फरार हो गया.घटना की सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शराब तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है.पुलिस के मुताबिक, मामले में अज्ञात शराब तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और शराब तस्कर की तलाश जारी
एक तरफ बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, वहीं दूसरी तरफ सड़क हादसे के बाद शराब की बोतलें लूटने की तस्वीरें व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़े कर रही हैं.फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और शराब तस्कर की तलाश जारी है. लेकिन हादसे के बाद शराब लूटने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
