Bihar

BPSC TRE-4 से 927 शिक्षकों की होगी बहाली, पिछड़ा-अतिपिछड़ा विभाग के आवासीय विद्यालयों को मिलेगा लाभ

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (BIHAR) : बिहार में BPSC TRE-4 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया की समीक्षा की. बैठक के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी किया जा सकता है. लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से नई शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं.

शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा

इधर, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. इसके तहत विभाग के कन्या प्लस टू आवासीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

BPSC TRE-4 के माध्यम से की जाएगी नियुक्ति

मंत्री रमा निषाद ने कहा कि विभाग के कन्या प्लस टू आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए 927 शिक्षकों की नियुक्ति BPSC TRE-4 के माध्यम से की जाएगी. इससे विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होगी और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा.

शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिले

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है. छात्र-छात्राओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें. विभाग का उद्देश्य है कि पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें.

शिक्षा विभाग और BPSC की अगली घोषणा पर टिकी नजर

TRE-4 को लेकर शिक्षा विभाग की बैठक और मंत्री के इस बयान के बाद अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है. माना जा रहा है कि शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी हो सकता है. हालांकि, विज्ञापन जारी करने की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं की गई है. अभ्यर्थियों की नजर अब शिक्षा विभाग और BPSC की अगली घोषणा पर टिकी हुई है.

यदि 927 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होती है तो इससे न केवल विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, बल्कि बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर भी मिलेगा.

 

TagsBihar