☰
Bihar

अस्पताल में रैबीज की सूई नहीं मिलने पर हंगामा, एक हफ्ते में 50 लोगों को कुत्ते ने काटा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना(PATNA): बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर शहर में आवारा कुत्तों के काटने से आम लोग डरे हुए है. ऐसे में जिन लोगों को कुत्ते ने काटा है वैसे लोग अस्पताल पहुँच रहे है लेकिन उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, घायल मरीजों के अस्पताल पहुंचने पर एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं मिलने से लोग परेशान हैं.  घायल लोगों ने रैबीज का इंजेक्शन बाजार में बेच देने का आरोप भी लगाया. शहर की गलियों में घूमते आवारा कुत्तों ने बच्चों, महिलाओं और वृद्धों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. घायलों ने बताया कि कुत्तों ने बख्तियारपुर में हफ्ते भर में 50 से 60 लोगों को काट लिया है, जो इलाज के लिए बख्तियारपुर सीएचसी पहुंचे. वहां रैबीज का इंजेक्शन नहीं मिलने पर लोगों ने अस्पताल परिसर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया.

मरीजों ने लगाया आरोप

मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत से महंगी रैबीज की सूई को बाजार में बेच दिया जाता है.  लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से इस मामले में अस्पताल प्रशासन पर उचित कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है. वहीं ग्रामीणों ने बख्तियारपुर नगर परिषद से भी आवारा कुत्तों से राहत दिलाने की मांग की है.

घायलों ने क्या कहा

घायल दिनेश पासवान ने बताया कि अस्पताल में आने पर उन्हें टेटनस की सुई लगाई गई है और कुत्ते के काटे हुए स्थान पर पट्टी की गई है लेकिन एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगाया गया है.  उनसे अस्पताल प्रबंधन ने कहा यहां वैक्सीन खत्म हो चुका है.  उन्होंने आरोप लगाया कि इंजेक्शन बेच दिया जाता है. वहीं आज यानी शनिवार को शहर क्षेत्र के कई घायल अस्पताल पहुंचे और इंजेक्शन नही मिलने से नाराजगी जताई.

सीएचसी प्रभारी का फोन स्विच ऑफ

मामले को लेकर सीएचसी प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिन्हा से फोन पर संपर्क किया गया लेकिन मोबाइल नंबर स्विच ऑफ था वहीं एसडीओ कृष्णा जोशी से फोन पर संपर्क किया गया लेकिन संपर्क नही हो सका. फिलहाल अब देखना होगा की इस मामले को लाकर बिहार की स्वास्थ्य विभाग क्या करता है.

TagsBihar