पटना: बिहार में छठ पर्व से पहले सम्राट सरकार लोगों को तोहफे दे रही है. इसी कड़ी में राज्य के आईएएस अधिकारियों को भी प्रमोशन का तोहफा दिया है. राज्य की सरकार ने 34 आईएएस अधिकारियों को प्रोन्नति दी है जिसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. जारी अधिसूचना के अनुसार अधिकारियों को विशेष सचिव स्तर का वेतनमान मिलेगा. अधिकारियों को प्रमोशन का लाभ 1 जनवरी 2027 से या इसके बाद नई जिम्मेदारी संभालने की तारीख से मिलेगा.
जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को वेतन स्तर-13 का लाभ दिया गया है. इस स्तर पर वेतन 123100 रुपये से लेकर 215900 रुपये तक है. जारी अधिसूचना के अनुसार नालंदा, समस्तीपुर, गया जी के डीएम समेत कई अन्य अधिकारियों को प्रोन्नति दी है. इनमें नालंदा के डीएम उदिता सिंह, समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा, गया के डीएम शशांक शुभंकर, पंचायती राज विभाग के अपर सचिव आदित्य प्रकाश, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव अमित कुमार पांडेय, पटना नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सह नगर आयुक्त यशपाल मीणा, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल समेत कुल 34 अधिकारियों को प्रमोशन दिया गया है.