☰
Bihar

PMCH में अब एक साथ 2500 बेड पर होगा मरीजों का इलाज, CM सम्राट चौधरी ने टावर-3 का किया उद्घाटन

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानी सोमवार को पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित अस्पताल भवन टावर-3 का उद्घाटन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ इलाज हो सकेगा. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

टावर-3 के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भूतल पर ओपीडी मरीजों के पंजीकरण के लिए बनाए गए कियोस्क और काउंटर की व्यवस्था देखी. अधिकारियों ने उन्हें अल्पाहार गृह और पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के तहत पूरे हो चुके कार्यों के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी.

मुख्यमंत्री ने टावर-3 की पांचवीं मंजिल पर बने पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) का फीता काटकर उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, पीआईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मरीजों के इलाज की व्यवस्था और मजबूत करने का निर्देश दिया.

मुख्यमंत्री ने टावर-3 की छठी मंजिल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर-22 का भी निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. इसके अलावा, उन्होंने पहली मंजिल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि मरीजों को समय पर और सुचारु रूप से इलाज मिल सके.

TagsBihar