पटना: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विधान परिषद चुनाव और दुर्गा पूजा के बीच पटना पहुंचे हैं. माना जा रहा है कि अपने बिहार दौरे के दौरान वह विधान परिषद चुनाव को लेकर मंथन कर सकते हैं और पार्टी नेताओं को कई जिम्मेदारी भी दे सकते हैं. इसके साथ ही जानकारी मिल रही है कि भाजपा अध्यक्ष पार्टी के प्रत्याशियों से भी मुलाकात करेंगे और रणनीति के साथ ही जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे. इसके साथ ही नितिन नबीन पटना के शिवपुरी सब्जी मंडी के समीप स्थित दुर्गा मंदिर और डाकबंगला चौराहा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में जा कर पूजा अर्चना करेंगे और आशीर्वाद लेंगे.
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बिहार के लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी और कहा कि वह दुर्गा पूजा के अवसर पर पटना आए हैं. यहां का दुर्गा पूजा सबके लिए काफी बड़ा होता है और हर वर्ष शामिल भी होते आए हैं. बता दें कि विधान परिषद चुनाव में एनडीए की तरफ से भाजपा और जदयू ने चार चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और सभी एकजुट हो कर चुनाव प्रचार में जुटे हैं. माना जा रहा है कि नितिन नबीन के पटना आगमन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी जोश आएगा.