Bihar

बिहार में राजस्व संग्रह में 18% की बढ़ोतरी, जुलाई तक सरकारी खजाने में आए ₹19,253 करोड़

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA) : बिहार के मुख्य राजस्व संग्रह करने वाले विभागों ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक कुल ₹19,253 करोड़ का राजस्व संग्रह किया है. यह पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि की तुलना में करीब 18 प्रतिशत अधिक है.

उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई

राजस्व संग्रह की स्थिति को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव मौजूद रहे. इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्यों और अब तक हुए संग्रह की विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक में वाणिज्य-कर, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, परिवहन, खनन एवं भूतत्व तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के राजस्व संग्रह की स्थिति पर चर्चा हुई. इन प्रमुख विभागों ने जुलाई तक कुल ₹19,253 करोड़ का संचयी राजस्व जुटाया है.

राजस्व संग्रह की रफ्तार और तेज करने के निर्देश

पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले राजस्व में करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी को राज्य की वित्तीय स्थिति के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को राजस्व संग्रह की रफ्तार और तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि तय समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्यकुशलता बढ़ाई जाए और राजस्व अर्जन को अधिकतम करने पर विशेष ध्यान दिया जाए.

सरकार का जोर है कि राजस्व संग्रह बढ़ने से राज्य में चल रही विकास योजनाओं और अन्य सरकारी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिले. बैठक में वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह, सचिव (व्यय) रचना पाटिल के साथ संबंधित विभागों के प्रधान सचिव और सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

 

TagsBihar