Bihar

Patna Flood Alert: बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों पर खतरा, 66 नावें तैनात, हेल्पलाइन नंबर जारी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

Bihar News: बिहार में नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच पटना जिले के निचले और संवेदनशील इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है. प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए निशुल्क नावों से लेकर एसडीआरएफ की मोटरबोट तक तैनात की गई हैं.

66 निशुल्क नावों की व्यवस्था

बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में कुल 66 नावें उपलब्ध कराई गई हैं. इनका इस्तेमाल प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा. अथमलगोला, बख्तियारपुर, बाढ़, दानापुर, फतुहा, मनेर, पाटलिपुत्र और पुनपुन सहित कई क्षेत्रों में नावों की व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने लोगों को छोटी नाव, डेंगी या दूसरे असुरक्षित साधनों से बाढ़ का पानी पार नहीं करने की सलाह दी है. सुरक्षित आवागमन के लिए सरकारी नावों और एसडीआरएफ की मोटरबोट का उपयोग करने को कहा गया है.

राहत शिविरों में जरूरी सुविधाएं 

विस्थापन की स्थिति से निपटने के लिए राहत शिविर भी तैयार किए गए हैं. बाढ़ और दानापुर अंचल में एक-एक तथा पाटलिपुत्र में दो शिविर शुरू किए गए हैं. यहां सामुदायिक रसोई, पेयजल, शौचालय, रोशनी और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की जा रही है. पशुओं की सुरक्षा के लिए भी अलग शिविर बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर चारा, दवाएं और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. उमानाथ घाट, अलखनाथ घाट, एनआईटी घाट, गांधी घाट, कंगन घाट, दीघा घाट, जेपी सेतु के आसपास के घाटों और दानापुर समेत कई संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ की मोटरबोट तैनात की गई हैं. अचानक जरूरत पड़ने के लिए दो मोटरबोट रिजर्व में भी रखी गई हैं.

तटबंध में रिसाव या कटाव दिखे तो दें सूचना 

लोगों से कहा गया है कि तटबंध में कटाव, रिसाव या टूटने के संकेत मिलने पर खुद मरम्मत करने की कोशिश न करें. इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें. बाढ़ के दौरान सर्पदंश या कुत्ते के काटने की स्थिति में नजदीकी मेडिकल कैंप में तत्काल इलाज कराने की सलाह दी गई है.

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क 

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के लिए 1070, पटना जिला नियंत्रण कक्ष के लिए 0612-2210118 और जिला नियंत्रण कक्ष के 8235449748 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.प्रशासन ने बच्चों को नदी, नहर, तालाब और बाढ़ के पानी से दूर रखने तथा अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है. संवेदनशील तटबंधों पर लगातार निगरानी की जा रही है और लोगों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने को कहा गया है.

 

TagsBihar