पटना(PATNA): जिले में सोमवार को एक महत्वपूर्ण मुलाकात देखने को मिली, जब बिहार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव से अमेरिका की कोलकाता स्थित नव नियुक्त महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज ने शिष्टाचार भेंट की. यह बैठक राज्य सचिवालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई, जहां बिहार और अमेरिका के बीच सहयोग की नई संभावनाओं पर विस्तार से बातचीत हुई.
इस उच्च स्तरीय मुलाकात का केंद्र बिंदु बिहार के विकास, आर्थिक प्रगति और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करना रहा. दोनों पक्षों ने राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं में चर्चा की.
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को बिहार की ऐतिहासिक विरासत, सामाजिक संरचना और वर्तमान विकासात्मक पहलों की जानकारी दी. उन्होंने राज्य में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास और आर्थिक सुधारों पर भी प्रकाश डाला.
वहीं कैथी जाइल्स-डियाज ने अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास की क्षेत्रीय प्राथमिकताओं और गतिविधियों को साझा किया. उन्होंने बिहार के विकास प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में सहयोग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
बैठक में आर्थिक सहयोग, तकनीकी आदान-प्रदान और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई. दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि भविष्य में आपसी सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.
इस अवसर पर महावाणिज्य दूत के साथ तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा. बैठक के अंत में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए सदैव तैयार है. महावाणिज्य दूत ने भी बिहार सरकार के आतिथ्य और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की. इस दौरान वित्त विभाग की सचिव (व्यय) रचना पाटिल भी मौजूद रहीं.
