Bihar

हथियार डालने के बाद भी मारी गोली..भरत भूषण की मौत पर बवाल, सड़क पर उतरे ग्रामीण

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
हथियार डालने के बाद भी मारी गोली..भरत भूषण की मौत पर बवाल, सड़क पर उतरे ग्रामीण

आरा (ARRAH) : भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई में घायल हुए भरत भूषण तिवारी की पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की मौत के बाद बिलौटी गांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर शाहपुर एनएच जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. लोग एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा हुआ है.

इलाज के दौरान हो गई थी मौत

जानकारी के अनुसार,  मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे भरत भूषण तिवारी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी. इसके बाद पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गोली मारकर घायल कर दिया था. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले आरा सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

मौत के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवक का पोस्टमार्टम कराया गया. जैसे ही शव बिलौटी गांव पहुंचा परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि जब भरत भूषण तिवारी ने हथियार डाल दिया था तब भी पुलिस ने उस पर गोली चलाई. लोगों ने इस मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है. मृतक के परिजनों ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

आधिकारिक बयान जारी नहीं

इस बीच भोजपुर के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाहपुर थाना अध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मियों को कर्तव्यहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. हालांकि घटना के संबंध में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

प्रदर्शन के दौरान शाहपुर के विधायक राकेश ओझा भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है.

आरा सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि युवक को गोली लगी थी और उसकी हालत बेहद गंभीर थी, इसलिए उसे पटना रेफर किया गया था. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है.