हाजीपुर (BIHAR) : हाजीपुर में जमीनी विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया. सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में मामूली कहासुनी के बाद भतीजे ने अपने ही चाचा और उनके परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इस हमले में चाचा की मौत हो गई, जबकि चाची गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
परिवार के साथ मिलकर अंजाम
आरोप है कि भतीजे चंदन राम ने अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने चाचा आमोद राम, चाची इंदु देवी और चचेरे भाई विकास कुमार पर तलवार और हसली जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तुरंत हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 55 वर्षीय आमोद राम को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल इंदु देवी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. विकास कुमार का भी इलाज चल रहा है.
गिरफ्तारी की मांग
घटना से गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से पहले ही शव को गांव ले जाकर सड़क जाम कर दिया. उन्होंने आरोपी चंदन राम और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. सड़क जाम की सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की.
गांव में मातम पसरा
मृतक आमोद राम अपने परिवार में सबसे छोटे भाई थे. उनकी मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर जमीनी विवाद और आपसी रंजिश किस हद तक लोगों को हिंसा के रास्ते पर ले जा सकती है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
