नवादा(NAWADA):बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मां-बाप के झगड़े को छुड़ाने गए एक 6 साल के मासूम को इसकी ऐसी सजा मिली कि उसने अपनी जान गंवा दी. गुस्से में पागल एक पिता ने अपने ही 6 साल के बेटे का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था. जब बच्चा बीच-बचाव करने आया तो उसके पिता ने उसकी हत्या कर दी. मृतक की पहचान कादरीगंज निवासी सुधीर गोस्वामी के 6 वर्षीय बेटे आजाद कुमार के रूप में हुई है.
पढिये पूरा मामला क्या है
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी आपस में लड़ रहे थे. नौबत इतनी बढ़ गई कि दोनों मारपीट पर उतर आए. इसी बीच मासूम बच्चा अपने माता-पिता के पास आया और पिता को शांत करने की कोशिश करने लगा, लेकिन पिता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच चुका था. उसने धारदार हथियार निकाला और अपने बेटे का गला रेत दिया. घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया. जिस हथियार से उसने बेटे की हत्या की, उसे भी वह अपने साथ लेकर भाग गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए छापा मार रही है पुलिस
वहीं, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी. मामले पर कादरीगंज थाना अध्यक्ष अवध किशोर ने बताया कि यह पारिवारिक विवाद का मामला प्रतीत होता है, जिसमें बच्चे की हत्या की गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पत्नी पर अवैध संबंध का शक करता था आरोपी
वहीं, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिता सुधीर गोस्वामी गांव-गांव घूमकर महिलाओं के सिंगार का सामान बेचता था और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. आर्थिक तंगी की वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था. हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक करता था, जिसकी वजह से दोनों के बीच विवाद होता रहता था. 6 साल का आजाद अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं. उसकी मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और यही कह रहे हैं कि कोई पिता ऐसा कैसे कर सकता है.
