नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां सदर अस्पताल से महज 300 मीटर की दूरी पर एक नवजात शिशु को कुत्तों के झुंड ने नोचकर खा लिया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक, समाजसेवी महेश वर्मा की नजर जब नवजात पर पड़ी, तब कुत्तों का झुंड उसे नोच रहा था. उन्होंने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां ऐसी थीं कि वह उसे बचाने में सफल नहीं हो सके. इसके बाद उन्होंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर पत्रकारों को उपलब्ध कराया. वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है.
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नवजात शिशु वहां कैसे पहुंचा और उसे किसने छोड़ा? क्या बच्चा किसी अस्पताल या निजी नर्सिंग होम से जुड़ा हुआ था? क्या जन्म के बाद उसे लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था? इन तमाम पहलुओं की जांच की जरूरत है. हालांकि, फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
इस मामले ने नवादा में कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और निजी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी व्यवस्था को भी सवालों के घेरे में ला दिया है. सदर अस्पताल के इतने करीब ऐसी घटना होना प्रशासनिक सतर्कता पर भी सवाल खड़े करता है. अब लोगों की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कराएं, नवजात की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाएं तथा यदि किसी अस्पताल या संस्थान की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें.
