नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले के युवा रग्बी खिलाड़ी पवन राज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाकर जिले का गौरव बढ़ाया है. चीन में आयोजित एशियाई रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद पवन नवादा पहुंचे. उनके आगमन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. कीर्ति डिफेंस अकादमी की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में पवन राज के पहुंचते ही उत्साह का माहौल बन गया. ढोल-नगाड़ों के बीच खिलाड़ियों ने उनका अभिनंदन किया. इस दौरान भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए.
किसान परिवार से निकलकर भारतीय टीम तक का सफर
नवादा जिले के चुटकिया बीघा निवासी पवन राज एक किसान परिवार से आते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने खेल को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास करते रहे. उनकी मेहनत का परिणाम तब सामने आया, जब उनका चयन भारतीय अंडर-18 रग्बी टीम में हुआ और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला. कोच विक्रम कुमार के मुताबिक, पवन ने कम उम्र से ही अभ्यास और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया. नियमित प्रशिक्षण और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से आगे बढ़ाकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया.
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी दिखा चुके हैं दम
पवन राज इससे पहले राष्ट्रीय स्तर की कई रग्बी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं. जिला रग्बी संघ के अनुसार उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक समेत कई उपलब्धियां अपने नाम की हैं. नवादा की कीर्ति डिफेंस अकादमी में प्रशिक्षण लेते हुए उन्होंने अपने खेल को लगातार बेहतर बनाया.
पवन की उपलब्धि से नवादा के खिलाड़ियों में उत्साह
मिर्जापुर के मैदान में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान कीर्ति डिफेंस अकादमी के संचालक कीर्ति रंजन ने पवन की उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया. उन्होंने कहा कि नवादा की धरती से निकलकर किसी युवा खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है. पवन राज की इस उपलब्धि के बाद जिले में रग्बी को लेकर युवाओं का उत्साह बढ़ा है. जिला रग्बी संघ, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में भी भारतीय टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करते हुए बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे.
