नवादा (BIHAR) : जिले के रोह बाजार स्थित सिउर रोड पर जलजमाव की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय नागरिकों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सांसद, विधायक तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि वर्षों से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया.
लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया
स्थानीय लोगों ने बताया कि सिउर रोड पर पिछले करीब दस वर्षों से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है. बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाती है, जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है. कई बार सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इसी नाराजगी के कारण लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया.
राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जलजमाव की वजह से इस सड़क पर आए दिन हादसे होते रहते हैं. उनका दावा है कि प्रतिदिन औसतन चार से पांच टोटो और बाइक पानी और कीचड़ के कारण पलट जाते हैं. इससे कई लोग घायल हो चुके हैं और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग
भी इसी स्थान पर एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक समेत करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया
प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे. लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को इस लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत दिलाने की मांग की.
