नवादा: बिहार में इन दिनों एक तरफ पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है तो दूसरी तरफ बदमाशों के हौसले भी बढ़ते ही जा रहे हैं. बदमाश इन दिनों पुलिस टीम पर सामने से हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं. इसी कड़ी में नवादा में लगातार दूसरे दिन पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया जिसमें एसआई समेत कई अन्य पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना नवादा के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के सोधीपुर गांव की है जहां छापेमारी में गई साइबर थाना की पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. लोगों के हमला में एसआई रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए.
जानकारी के अनुसार साइबर ठगी के एक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए साइबर थाना की पुलिस पहुंची थी तभी स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. साइबर डीएसपी को शाहनवाज अख्तर ने पुलिस टीम पर हमला की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी में गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया जिसमें एसआई रंजन कुमार समेत कई अन्य पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. सभी पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी खतरे से बाहर हैं. उन्होंने बताया कि घटना के बाद कई थाने की पुलिस बुलाई गई है और मामले की छानबीन की जा रही है. हालांकि पुलिस पर कितने लोगों ने किस परिस्थिति में हमला किया, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
बता दें कि एक दिन पहले मंगलवार को भी नवादा के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करणपुर बालू घाट पर छापेमारी के लिए खनन विभाग की टीम पहुंची थी. इस दौरान माफियाओ में खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया जिसमें खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा, खान निरीक्षक सौरभ अभिषेक और एक होमगार्ड जवान घायल हो गये थे. खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा को सबसे अधिक चोटें आयी थीं. अब अगले ही दिन साइबर थाना की पुलिस टीम को निशाना बनाया गया है.