Bihar

प्रेम विवाह के 4 साल बाद नवादा में विवाहिता की मौत, पंखे से लटका मिला शव

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

नवादा (NAWADA):बिहार के नवादा शहर के न्यू एरिया मोहल्ले में सोमवार को 23 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.मृतका की पहचान राजा बीघा निवासी काजल कुमारी के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.मामले की जांच जारी है.जानकारी के अनुसार, काजल ने करीब चार वर्ष पहले रूपौ निवासी छोटू सिंह से प्रेम विवाह किया था.शादी के बाद दोनों नवादा के न्यू एरिया स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि वे लगभग 15 दिन पहले ही रूपौ गांव से यहां रहने आए थे.काजल एक कपड़े की दुकान में काम करती थी, जबकि उसका पति छोटू सिंह डीजे और टेंट का व्यवसाय करता है.

घर में नहीं था पति

 घटना के दिन छोटू डीजे कार्यक्रम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था. देर रात घर लौटने पर उसने कमरे का दरवाजा बंद पाया.अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई.नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई.कमरे में काजल का शव पंखे से लटका मिला.पुलिस ने घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है.फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है और मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है.पुलिस फिलहाल तीन बिंदुओंआत्महत्या, हत्या की आशंका और प्रेम विवाह से जुड़े पारिवारिक विवाद को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

प्रेम विवाह से नाराज थे काजल के मायके वाले

बताया जा रहा है कि प्रेम विवाह से नाराज होने के कारण काजल के मायके वालों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे. घटना की सूचना मिलने के बावजूद परिवार का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा.वहीं, छोटू सिंह के पिता पारस सिंह ने बताया कि वे दोनों की शादी से खुश थे और उनके घर के पास ही रहते थे.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.