नवादा (NAWADA) : बिहार के नवादा जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है. तस्कर ने शराब छिपाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया था, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. शराब को कार के इंडिकेटर में बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर झारखंड से बिहार लाया जा रहा था.
वाहन से विदेशी शराब बरामद
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रजौली स्थित समेकित जांच चौकी पर नियमित वाहन जांच के दौरान की गई. जांच के समय अधिकारियों को सफेद रंग की महिंद्रा मराज़ो कार (रजिस्ट्रेशन संख्या JH12K/2560) पर शक हुआ. जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई तो उसके इंडिकेटर के अंदर बने विशेष गुप्त स्थान से विदेशी शराब बरामद हुई.
उत्पाद विभाग ने कार से ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की ब्रांड के 180 मिलीलीटर के 676 टेट्रा पैक जब्त किए. बरामद शराब की कुल मात्रा 121.680 लीटर बताई गई है.
इस मामले में झारखंड के बोकारो जिले के रहने वाले संजय कुमार साव को गिरफ्तार किया गया है. प्रारंभिक जांच में वह अवैध शराब के कारोबार और उसके परिवहन में शामिल पाया गया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके.
तस्करों की यह कोशिश नाकाम रही
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर बिहार में शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. इस बार लगभग 10 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा मराज़ो कार का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था. हालांकि, जांच चौकी पर सतर्क टीम की वजह से तस्करों की यह कोशिश नाकाम हो गई.
उत्पाद विभाग ने जब्त शराब, कार और गिरफ्तार आरोपी को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
