नवादा (NAWADA):बिहार के नवादा जिले में सरकारी विद्यालय की व्यवस्था को लेकर छात्राओं की शिकायत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.जहां क्षेत्र भ्रमण के दौरान जदयू विधायक विभा देवी की गाड़ी को ओड़ो इंटर विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्राओं ने रोक लिया. छात्राओं ने विधायक के सामने विद्यालय की बदहाल व्यवस्था को लेकर कई गंभीर शिकायतें रखीं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की.छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होती है. उनका आरोप है कि स्कूल में कंप्यूटर की कक्षाएं भी संचालित नहीं की जाती हैं, जबकि छात्रों को तकनीकी शिक्षा देने के लिए कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा विद्यालय की लाइब्रेरी में भी पढ़ाई के लिए पर्याप्त और समुचित व्यवस्था नहीं होने की बात छात्राओं ने कही.
बैग, किताब और पढ़ाई से जुड़ी अन्य जरूरी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं
छात्राओं ने विधायक को बताया कि उन्हें बैग, किताब और पढ़ाई से जुड़ी अन्य जरूरी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं. इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. छात्राओं ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनका आरोप है कि जब भी कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि विद्यालय के निरीक्षण के लिए पहुंचने वाला होता है, उससे पहले बच्चों को डरा दिया जाता है.छात्राओं का आरोप है कि उन्हें शिकायत नहीं करने की धमकी भी दी जाती है. छात्राओं ने विधायक से आग्रह किया कि वह किसी तरह की पूर्व सूचना दिए बिना अचानक विद्यालय पहुंचें, ताकि स्कूल की वास्तविक स्थिति सामने आ सके. छात्राओं की बात सुनकर विधायक ने मंगलवार को विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने का आश्वासन दिया. इस दौरान छात्राओं ने विधायक से विद्यालय आने का पक्का वादा भी लिया.
विधायक की गाड़ी रोकर छात्रों ने बताई परेशानियाँ
जानकारी के अनुसार, शनिवार को विधायक विभा देवी क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण करने निकली थीं. इसी दौरान ओड़ो इंटर विद्यालय की छात्राओं ने उनकी गाड़ी रोककर अपनी समस्याएं सामने रखीं. इस पूरे घटनाक्रम का करीब 4 मिनट 28 सेकंड का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.वीडियो सामने आने के बाद नवादा की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. खासकर छात्राओं द्वारा लगाए गए पढ़ाई, कंप्यूटर क्लास, लाइब्रेरी, किताब और अन्य सुविधाओं से जुड़े आरोपों ने विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हालांकि, छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. विधायक के मंगलवार को विद्यालय पहुंचने के बाद ही स्कूल की वास्तविक स्थिति और छात्राओं की शिकायतों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि विद्यालय की व्यवस्था में सुधार के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं.
