नवादा (NAWADA) : बिहार के नवादा जिले के सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है. यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस फरार बंदी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.
मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद था
फरार बंदी की पहचान असलम अली (18) उर्फ दारा, पिता अल्लाउदीन मलिक के रूप में हुई है. वह धमौल थाना कांड संख्या 70/26 में मारपीट के मामले में मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद था. गुरुवार दोपहर जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने की शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने इलाज के लिए उसे नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. उसे अस्पताल के कैदी वार्ड में सुरक्षा के बीच रखा गया था.
बंदी को पकड़ने में पुलिस असफल
जानकारी के अनुसार, बंदी ने भागने का मौका तलाश लिया उसने ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मी से हाथापाई की और तेजी से अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया. अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि बंदी इमरजेंसी वार्ड के बरामदे से दौड़ते हुए बाहर जा रहा है. उसके पीछे सिविल ड्रेस में तैनात एक सिपाही भी दौड़ता नजर आता है, लेकिन वह बंदी को पकड़ने में सफल नहीं हो सका.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, जेल प्रशासन और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया. साथ ही फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. हालांकि काफी समय बीतने के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि बंदी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस घटना के बाद सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. आखिर कड़ी निगरानी और सुरक्षा के बीच एक बंदी कैसे फरार हो गया, इसे लेकर पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं.अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.