Bihar

नवादा में मोबाइल छीनने के विवाद में चली गोलियां, फलमंडी के पास मची अफरा-तफरी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नवादा (NAWADA) : जिले के नारदीगंज बाजार में मोबाइल छीनने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है. घटना नारदीगंज बाजार के मेन रोड स्थित फलमंडी के पास हुई. अचानक गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में अफरातफरी मच गई. दुकानदार और आसपास मौजूद लोग डर गए. हालांकि, इस घटना में किसी व्यक्ति को गोली लगने की सूचना नहीं है.

दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग की घटना हुई

बताया जा रहा है कि विवाद बिक्कू निवासी प्रशांत कुमार और पंडपा निवासी आयुष कुमार के बीच हुआ था. विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग की घटना हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलीबारी के बाद मौके पर दहशत का माहौल बन गया. लोगों ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद कर पुलिस को सौंपा. वहीं, एक गोली फंस जाने की बात भी सामने आई है. घटना की जानकारी मिलते ही नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार और एसआई दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले फायरिंग करने वाले लोग वहां से फरार हो चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली.

घटना से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भय का माहौल

पुलिस के मुताबिक, आयुष कुमार ने घटना को लेकर लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर प्रशांत कुमार समेत पांच नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत में प्रशांत कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है. नारदीगंज पुलिस अब बाजार और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के जरिए घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भय का माहौल है.

 

TagsBihar