Bihar

नवादा में 10 साल पुराने प्रेम विवाद में चार सगे भाइयों पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

नवादा  (NAWADA): जिले में 10 साल पुराने प्रेम प्रसंग की रंजिश ने एक बार फिर खून-खराबे का रूप ले लिया. नेमदारगंज थाना क्षेत्र के जफरा गांव के पास चार सगे भाइयों पर घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज नवादा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

घायलों की पहचान गौसनगर निवासी दौलत सिंह, प्रिया रंजन कुमार, रामबरन सिंह और दुलार सिंह के रूप में हुई है. पीड़ित परिवार के अनुसार, सभी भाई मुंबई में काम करते हैं और हाल ही में अपने गांव लौटे थे. घटना के दिन वे अपनी बहन के घर भांजे द्वारा भेजा गया सामान लेकर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया.

पीड़ित प्रिया रंजन कुमार ने बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से हमला किया. अचानक हुए इस हमले से चारों भाई खुद को बचा भी नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि इस हमले की जड़ 10 साल पुराना प्रेम प्रसंग है. जानकारी के अनुसार, दौलत सिंह का एक स्थानीय लड़की से प्रेम संबंध था, जो कुछ समय बाद खत्म हो गया था और दोनों की शादी अलग-अलग जगहों पर हो चुकी है. लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि लड़की के परिजन इस पुराने रिश्ते को लेकर अब भी रंजिश पाले हुए हैं और इसी वजह से हमला कराया गया.

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल है. पीड़ित परिवार ने कहा है कि इलाज के बाद वे पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे.इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर पुरानी रंजिश और सामाजिक तनाव की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है.

 

TagsBihar