नवादा(NAWADA):बिहार के नवादा जिले से एक सनसनीखेज घटना की खबर सामने आई है, जहां पत्नी पर शक होने के विवाद में एक कलयुगी पिता ने अपने बेटे को ही मौत के घाट उतार दिया और बेरहमी से धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था. विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि कलयुगी पिता ने अपने ही 6 साल के मासूम का गला रेत दिया. इस घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई. हर तरफ यही चर्चा हो रही थी कि कोई अपने ही कलेजे के टुकड़े के साथ ऐसा कैसे कर सकता है.
हत्या के बाद फरार है आरोपी बाप
अब तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक अपने ही बच्चे की हत्या के आरोप में सुधीर कुमार का नाम सामने आया है. सुधीर कुमार और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा होता था कि उसकी पत्नी का दूसरे पुरुष से अवैध संबंध है. आए दिन घर में कलह होती रहती थी. इसी बीच आरोपी की पत्नी काम करने और पैसे कमाने के लिए बाहर जाती थी, जिसको लेकर वह काफी ज्यादा नाराज रहता था. इसी नाराजगी में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.
अपने ही बेटे की गला रेतकर दी हत्या
बताया जा रहा है कि 6 साल का मासूम आजाद कुमार घर में बैठकर खाना खा रहा था. तभी उसके पिता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वह अपने बच्चे को गोद में उठाकर बाहर ले गया और धारदार हथियार से मासूम बच्चे का गला रेत दिया. लहूलुहान हालत में बच्चा वहीं गिर पड़ा. जब बच्चे की मां ने उसे देखा तो वह उसे लेकर अस्पताल भागी, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
बताया जा रहा है कि इस हत्या को अंजाम देने के बाद पिता सुधीर मौके से फरार हो चुका है. परिजनों के मुताबिक आजाद घर का इकलौता चिराग था. उसकी तीन बहनें हैं. बच्चे की हत्या के बाद मां और तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार पूरी तरह से बिखर चुका है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही कादरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
