Bihar

बिहार के नवादा में दो परिवारों के बीच झड़प, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को लगी गोली

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नवादा (NAWADA): जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पचगामा गांव में दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. इसी दौरान मामला शांत कराने पहुंचे एक युवक के हाथ में गोली का छर्रा लगने की बात सामने आई है. घायल युवक को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया. वहीं, इस झड़प में दोनों पक्षों के कई अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है.

बीच- बचाव करने पहुंचा था सोनू कुमार 

घायल युवक की पहचान मेसकौर गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में बताई गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचगामा गांव में अमर ज्योति कुमार और छोटू कुमार के परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. बताया जा रहा है कि सोनू कुमार, अमर ज्योति कुमार के यहां काम करता है. दोनों परिवारों के बीच विवाद की जानकारी मिलने पर वह वहां पहुंचा और लोगों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश करने लगा.

हाथ में लगा गोली का छर्रा 

आरोप है कि झगड़े के दौरान अचानक गोली चली और उसका छर्रा सोनू कुमार के हाथ में जा लगा. गोली या छर्रा हाथ के आर-पार निकलने की बात भी कही जा रही है. घटना के बाद घायल सोनू को तत्काल इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया.

दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना 

इस हिंसक झड़प में केवल सोनू कुमार ही नहीं, बल्कि दोनों परिवारों के अन्य सदस्यों को भी चोटें आने की बात सामने आई है. स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों को मिलाकर आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. हालांकि, घायलों की कुल संख्या और उनकी स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस कर रही है घटना की जांच 

मामले को लेकर नेमदारगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस को पचगामा गांव में मारपीट होने की सूचना मिली है. हालांकि, युवक को गोली लगने की जानकारी फिलहाल पुलिस के संज्ञान में नहीं होने की बात कही गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह, गोली चलने के दावे और घटना में शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

TagsBihar