Bihar

लगे 440 वोल्ट...दो बल्ब और एक पंखा चलाने का आया 27 लाख का बिल, फिर जो हुआ पढ़िये 

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

नवादा (NAWADA): हर घर में बल्ब, पंखा, कूलर और फ्रिज का उपयोग किया जाता है, जहां महीने में एक बार बिजली विभाग की ओर से हमें बिल दिया जाता है. अगर किसी के घर में दो बल्ब जलें और एक पंखा चले तो आम तौर पर इसके लिए 200 से 300 रुपये के बीच बिल आता है. लेकिन बिहार में एक व्यक्ति के घर में दो बल्ब और एक पंखा चलाने का बिल लगभग 27 लाख रुपये आया है, जिसे देखकर उसके होश उड़ गए.

पढ़ें कहां का है पूरा मामला

पूरा मामला नवादा के रजौली थाना क्षेत्र के तकिया का है.जहां मोहल्ला निवासी कुंदन कुमार उस समय हैरान रह गए, जब ऑनलाइन बिजली बिल में उनके घर की खपत के नाम पर 27 लाख 2 हजार 898 रुपये की राशि दर्ज मिली. गरीब परिवार से आने वाले कुंदन का कहना है कि उनके घर में केवल दो कमरे हैं, जहां दो बल्ब और गर्मी के मौसम में एक स्टैंड फैन चलता है. घर में न तो एसी है और न ही बिजली की कोई बड़ी खपत करने वाला उपकरण.कुंदन के अनुसार, इससे पहले भी उन्हें 753 रुपये का बिजली बिल प्राप्त हुआ था. उस समय उन्होंने विभाग से शिकायत की थी. अब अचानक लाखों रुपये का बिल आने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है. कुंदन ने बताया कि बिल की राशि देखते ही उनके होश उड़ गए. उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि इतनी बड़ी राशि का भुगतान किया जा सके.

भारी भरकम बिल देखकर उड़ गया होश

कुंदन का कहना है कि सरकार की ओर से मिलने वाली 200 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा से गरीब परिवारों को राहत मिलती है, लेकिन इस तरह का भारी-भरकम बिल सामने आने से परेशानी बढ़ गई है. उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल बिल की जांच कर उसे सुधारने की मांग की है.मामले को लेकर बिजली विभाग के कनीय अभियंता ने लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई और बिल में सुधार का भरोसा दिया है. हालांकि, विभाग के अन्य अधिकारी इस मामले पर स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से बचते नजर आए.

बिजली बिलिंग व्यवस्था पर सवाल 

इस घटना ने बिजली बिलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दो बल्ब और एक पंखा चलाने वाले गरीब परिवार के घर लाखों रुपये का बिल पहुंच सकता है, तो बिलिंग और मीटर रीडिंग व्यवस्था की निगरानी पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है. अब परिवार को विभाग की जांच और संशोधित बिल का इंतजार है.

TagsBihar