☰
Bihar

ऐसी मोहब्बत कि गांव वाले ही बन गए बाराती, जात-पात की दीवार तोड़ प्रेमी जोड़े ने रचाई शादी, देखिए वाइरल वीडियो

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

नवादा(NAVADA): कहते हैं कि अगर किसी को पूरी शिद्दत से चाहो, तो पूरी कायनात उसे तुमसे मिलाने में जुट जाती है. कुछ ऐसी ही प्रेम कहानी बिहार के नवादा जिले से सामने आई है. यहां चुपके-चुपके मिलने वाले एक प्रेमी जोड़े की कहानी का अंत कुछ ऐसा हुआ कि गांव वाले ही उनकी शादी के गवाह बन गए. जिस मुलाकात को दोनों छिपाकर रखना चाहते थे, उसी मुलाकात ने उन्हें एक-दूसरे का जीवनसाथी बना दिया.

प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ लिया

दरअसल, नवादा के कबल गांव में एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था. दोनों काफी समय से एक-दूसरे को पसंद करते थे और मौका मिलते ही चोरी-छिपे मुलाकात किया करते थे. लेकिन इस बार उनकी मुलाकात पर ग्रामीणों की नजर पड़ गई. इसके बाद गांव वालों ने दोनों से पूछताछ की. बातचीत के दौरान प्रेमी जोड़े ने बताया कि वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं.

गांव वालों ने रखा शादी का प्रस्ताव

इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों के सामने शादी का प्रस्ताव रखा. प्रेमी जोड़े ने भी बिना किसी झिझक के अपनी सहमति दे दी. हालांकि, शुरुआत में लड़की के परिवार की ओर से इस रिश्ते को लेकर नाराजगी सामने आई, लेकिन दोनों ने साफ कर दिया कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं.

गांव वाले बने बाराती, पूरे रीति-रिवाज से हुई शादी

आखिरकार गांव वालों ने भी उनके फैसले का साथ दिया. फिर क्या था, देखते ही देखते शादी की तैयारियां शुरू हो गईं. गांव के लोग ही बाराती बन गए और पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह करा दिया गया.

अलग-अलग जाति के हैं प्रेमी जोड़े

इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि प्रेमी और प्रेमिका अलग-अलग जातियों से आते हैं. युवक कुईरी बीघा का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती कबल गांव की रहने वाली है. दोनों ने जात-पात की परवाह किए बिना एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी चुना. अब इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. जिस प्रेम कहानी की शुरुआत चोरी-छिपे मुलाकातों से हुई थी, उसका अंत पूरे गांव की मौजूदगी और आशीर्वाद के बीच शादी के साथ हुआ.

TagsBihar