नवादा(NAWADA): जिले से जमीन विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच झड़प का मामला सामने आया है. जिले के पुनथर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 16 लोग घायल हो गए. मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे से हमला करते और पत्थर चलाते हुए देखा जा रहा है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरहट लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. वहीं, गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, नवादा रेफर कर दिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पुनथर गांव में जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के यदुनंदन पासवान समेत 11 लोग घायल हो गए. वहीं, दूसरे पक्ष के मुनिरक यादव समेत पांच लोग जख्मी हुए हैं. घटना के बाद दोनों पक्षों ने नरहट थाने में आवेदन देकर एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त करने के बाद मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस संबंध में नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है. दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है. ऐसे अब देखना होगा की पुलिस इस घटना को लेकर क्या कुछ करती है.
