नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं. जिले में हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. हादसों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल लाया गया.
रोलर से जा टकराई थी बाइक
पहली दर्दनाक घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के मायाबीघा के पास हुई. बताया जा रहा है कि करीब 55 वर्षीय आशा देवी बाइक पर सवार होकर जमुई से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रही थीं. इसी दौरान सड़क पर कथित तौर पर निर्माण कार्य में लगी रोलर मशीन खड़ी थी. अचानक बाइक रोलर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार आशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने सड़क निर्माण में लगी गाड़ी के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
अचानक डिवाइडर से टकराई गाड़ी
वहीं दूसरी घटना केंदुआ गांव के पास हुई, जहां बोकारो से पटना जा रही एक गाड़ी अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई. बताया जा रहा है कि गाड़ी में चार लोग सवार थे और वे परिवार की एक महिला की मौत के बाद अंतिम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और सड़क पर पलट गया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे में रूपा कुमारी और लाल बाबू की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. एक ही जिले में हुए इन दर्दनाक सड़क हादसों के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है.
