Bihar

बिहार के नालंदा में शराब माफियाओं की दबंगई! युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज से पहले ही चली गई जान

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नालंदा (NALANDA) : बिहार के नालंदा जिले में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना सोहसराय थाना क्षेत्र के सलेमपुर मोहल्ले की है. मृतक के परिजनों ने शराब माफियाओं पर हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

बेरहमी से पिटाई

मृतक की पहचान सलेमपुर निवासी सुधीर साहू के पुत्र राजन कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि इलाके में सक्रिय शराब माफियाओं ने राजन कुमार को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की. गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई. परिवार के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

मामले की जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इसके बाद सदर डीएसपी रामदुलार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया.

वारदात को दिया अंजाम

मृतक के परिजनों ने बताया कि राजन कुमार की किसी से पुरानी दुश्मनी नहीं थी. उनका कहना है कि शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. परिवार का आरोप है कि दोषियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए.

बख्शा नहीं जाएगा

सदर डीएसपी रामदुलार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पीट-पीटकर हत्या किए जाने का प्रतीत होता है. हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था और मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

 

TagsBihar