☰
Bihar

बिहार के नालंदा का रहने वाला देश का कुख्यात "सोना लुटेरा" सुबोध सिंह कौन है,गिरोह बनाने के पहले क्या करता था?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

TNP DESK- बिहार के नालंदा का रहने वाला कुख्यात  "सोन  लुटेरा" सुबोध सिंह का नाम एक बार फिर चर्चा में है.   बिहार में हुई सोना लूट के मामले में तो उस पर पुलिस को संदेह है ही, झारखंड के जमशेदपुर और गिरिडीह में अभी हाल ही में हुई बैंक डकैती में सोना लूट को लेकर भी इस गिरोह पर संदेह है.  हालांकि झारखंड के मामलों में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं.  शक  की सुई सोना  लुटेरा सुबोध सिंह गैंग की ओर जा रही है.  आपको याद होगा कि 2022 में धनबाद के बैंक मोड़ मुथूट फाइनेंस में डकैती की कोशिश हुई थी.  पुलिस एनकाउंटर में एक डकैत मारा  गया था.  दो पकड़े गए थे और कई भाग गए थे.  उस समय भी चर्चा थी कि यह गैंग सुबोध सिंह का ही रहा होगा।  इस गैंग का अपना एक अलग तरीका है.  
 
10 से 15 मिनट में ही यह गिरोह घटना को अंजाम देता है 
 
10 से 15 मिनट में यह गैंग घटना को अंजाम देता है और फिर पुलिस पानी पीटती  रह जाती है.  कहा तो यह भी जाता है कि इस गैंग की खासियत यह है कि सोना और रुपए लूट के बाद लुटेरे बाहर इंतजार कर रहे अपराधियों को हैंडओवर  कर देते हैं और फिर वह गाड़ी बिजली की रफ्तार से लापता हो जाती है.  बताया जाता है कि सुबोध सिंह इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है और अपराध की दुनिया में कदम रखने के पहले वह बिहार पुलिस के लिए इनफॉर्मर का काम करता था.  इसी दौरान उसने पुलिस की कार्यशैली और निगरानी के तौर तरीकों को सीखा और उसके बाद फिर अपना गिरोह  खड़ा कर लिया।  बिहार हो, झारखंड हो, पश्चिम बंगाल हो, ओडिशा  हो, मध्य प्रदेश हो, राजस्थान हो, महाराष्ट्र हो, कहीं भी सोना लूट की घटनाएं होती है, तो पुलिस का संदेह  सुबोध सिंह गिरोह पर ही जाता है.  

एक अनुमान के अनुसार यह गिरोह अब तक 500 किलोग्राम से अधिक की लूट की है 

एक अनुमान के अनुसार अब तक कई घटनाओं में इस गिरोह ने 500 किलोग्राम से अधिक सोने की लूट की है.  इस गिरोह का मुख्य निशाना गहना   शोरूम, गोल्ड लोन कंपनियां रहती हैं.  लोग तो यह भी बताते हैं कि वह जेल में बंद छोटे-छोटे अपराधियों को यह कहकर अपने गिरोह  में शामिल करता है कि छोटी-छोटी लूट  से क्या होगा? बड़ी लूट की घटना को अंजाम देना है तो गैंग में आ जाओ.  बकायदे गैंग में शामिल करने के लिए अपराधियों का इंटरव्यू लिया जाता है.  पकड़े जाने पर जमानत करवाता है.  अपराधियों को लूट की ट्रेनिंग दी जाती है.  सैलरी के साथ उन्हें इंसेंटिव भी मिलता है.  बिहार एसटीएफ ने उसे पहली बार जनवरी 2018 में पटना से 15 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था.  तब से वह कई जेलों  में बंद रहा.  अभी भी वह जेल में ही है.  बिहार से लेकर झारखंड में हाल के दिनों में हुई सोना लूट की घटनाओं के बाद वह फिर एक बार चर्चा में है. 

बिहार के बेतिया  में हुई घटना के बाद एक बार फिर बढ़ गई है हलचल 
 
झारखंड के बैंकों में डकैती के बाद अभी हाल ही में इसी महीने बिहार के बेतिया  स्थित सेनको  गोल्ड शोरूम में लगभग 15 करोड रुपए लूट के मामले में पुलिस जांच की सुई  सुबोध सिंह गैंग पर टिक गई है.  बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में सेनको  गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हुई सोने की डकैती के बाद पूरे बिहार में हड़कंप मचा  हुआ है.  इस महालूट के बाद पुलिस  में में भी खलबली है और जांच का दायरा  बिहार से बाहर दूसरे प्रदेशों तक पहुंच गया है.  पुलिस इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इस घटना में भी जेल में बंद कुख्यात सुबोध सिंह का नाम सामने आ रहा है.  लूट के तरीके को लेकर पुलिस को सुबोध सिंह गैंग पर संदेह है.  सूत्रों के मुताबिक अपराधियों ने घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया था.  कहा जा रहा है कि लूट में शामिल लोग एक दिन पहले ही बेतिया  पहुंच गए थे.  उन्होंने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार  खड़ी की और पहले शोरूम की रेकी की.  फिर सही समय का इंतजार किया और फिर हथियार के बल पर आभूषण लूट लिए. 

गैंग की खासियत होती कि एक ही लड़कों का उपयोग बार -बार नहीं होता 

 दिलचस्प बात यह है कि  लूट के बाद गहनों को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था पहले से तैयार थी.  इस आशंका हुई है कि  लूट को अंजाम देने वाले और माल को ठिकाने लगाने वाले लोग अलग-अलग नेटवर्क का हिस्सा थे.  सूत्र बताते हैं कि इस गैंग की यही खासियत है कि लूटने वाले अलग होते हैं और माल खपाने वाले अलग होते है.  जमशेदपुर के बैंक में भी ऐसा ही होने की बात सामने आई थी.  धनबाद के मुथूट फाइनेंस में भी इसी तरह माल को ठिकाने लगाने की तैयारी थी.  5 से 6 लड़के मुथूट फाइनेंस में अंदर गए थे, जबकि दो-तीन लोग कार  में बाहर इंतजार कर रहे थे.  लेकिन यहां गैंग को सफलता नहीं मिली।  पुलिस से एनकाउंटर होने के बाद एक डकैत मारा  गया था.  दो जिंदा पकड़ लिए गए थे. उसके बाद बाहर इंतजार कर रहे  अपराधी फरार हो गए थे.  सूत्र बताते हैं कि उसके गैंग में अधिकांश लड़के बिहार के वैशाली, समस्तीपुर और नालंदा के लड़के है.  वह एक ही टीम से बार-बार काम नहीं करवाता है.  रेकी करने वाली टीम अलग होती है, चोरी की गाड़ियां और फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाली टीम अलग होती है.  शोरूम में घुसकर लूटने वाले अलग और लूट गए सोने को ठिकाना लगाने वाली टीम अलग होती है.  एक टीम को दूसरी टीम की पहचान तक का पता नहीं होता।