Bihar

नवोदय विद्यालय में छात्रों का हंगामा, घटिया भोजन के विरोध में तोड़फोड़ और आगजनी, जानिए कहां का है मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नालंदा (NALANDA) : बिहार के नालंदा जिले के राजगीर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मेस द्वारा कथित रूप से घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसे जाने के विरोध में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. नवमी से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों ने पहले भोजन की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और बाद में विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया. इस दौरान छात्रों ने परिसर में खड़ी एक स्कूटी में आग लगा दी, पथराव किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की. घटना के बाद विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया.

मेस का भोजन खाने से इनकार

आक्रोशित छात्रों ने सामूहिक रूप से मेस का भोजन खाने से इनकार कर दिया. साथ ही उन्होंने कक्षाओं का भी बहिष्कार कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र अपने-अपने छात्रावास के कमरों में बंद हो गए. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी शिकायतों का समाधान नहीं होगा और भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया जाएगा तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया. राजगीर के एसडीओ और डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता विद्यालय पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और उनकी समस्याएं सुनने का प्रयास किया. हालांकि अधिकांश छात्र अपने कमरों से बाहर नहीं निकले और विरोध जारी रखा.

सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश

विद्यालय के प्राचार्य विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और विद्यालय में सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश की, लेकिन छात्र अभी भी अपने कमरों में बंद हैं. उन्होंने कहा कि पटना से अधिकारियों की एक टीम विद्यालय पहुंच रही है, जो छात्रों के साथ बैठक करेगी. यह टीम छात्रों की शिकायतों के साथ-साथ विद्यालय की मेस व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की भी विस्तार से जांच करेगी.

विद्यालय में सामान्य स्थिति बहाल हो सके

फिलहाल विद्यालय परिसर में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि जल्द से जल्द विद्यालय में सामान्य स्थिति बहाल हो सके.

 

TagsBihar