नालंदा (NALANDA) : नालंदा जिले के नगरनौसा में डिग्री कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय में संचालित करने की मांग को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन गुरुवार को अचानक गर्म हो गया. प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
डिग्री कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय में संचालित करने की मांग
जानकारी के अनुसार, छात्र लंबे समय से डिग्री कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय में संचालित करने की मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और एनएच-431 ए पर टेंपो स्टैंड के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास
इसी दौरान प्रदर्शन स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया. बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुई पत्थरबाजी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन जब स्थिति बिगड़ने लगी तो पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया.
इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. एनएच-431 ए स्थित टेंपो स्टैंड के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके अलावा नगरनौसा बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों और वडिहा रोड पर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. इलाके में शांति बनी हुई है और यातायात भी सामान्य कर दिया गया है. वहीं पुलिस पथराव और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है.
